रांची:
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव-2023 (Ramgarh Assembly By-Election-2023) को लेकर आजसू पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया था सुनिता चौधरी इस उपचुनाव के लिए रामगढ़ से आजसू की उम्मीदवार होंगी। सुनिता चौधरी शनिवार( 4 फरवरी) को नामांकन करेंगी। आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में हुई।
सरकार ने झारखंडी जनभावना के साथ छल किया
डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि एनडीए ने पूरे दमखम से रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव लड़ेगी। रामगढ़ की जनता ने 3 साल से व्याप्त झूठ, लूट और भ्रष्टाचार के शासन के खिलाफ वोट करने का मन बना लिया है। सरकार संविधान और संवैधानिक प्रक्रियाओं से चलती है। लेकिन झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने संविधान की मूल भावना और संवैधानिक प्रक्रियाओं से हट कर अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों को छिपाने के लिए झारखंडी जनभावना के साथ छल किया। जोहार यात्रा सरकारी पैसों का दुरुपयोग कर जनता को मूर्ख बनाने का कार्यक्रम है। ईमानदार राजनीति के अभाव का परिणाम है कि आज नियोजन नीति, स्थानीयता और अन्य विधेयक कानूनी चुनौतियों में झूल रहा है।
ये लोग रहे मौजूद
संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के प्रदेश अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ.देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।